बिलासपुर में बदला मौसम: आंधी-तूफान और बारिश से गर्मी से राहत

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक और झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
अचानक बदला मौसम का मिजाज
शहर में सुबह तक तेज धूप और उमस बनी हुई थी, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम पूरी तरह बदल गया। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। आंधी के चलते कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित
मौसम विभाग ने पहले ही अगले 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई थी, जो अब सही साबित होती दिख रही है।
कल कैसा रहा तापमान?
शुक्रवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों की जानकारी
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम में यह बदलाव आया है। इसके कारण आने वाले दिनों में भी कई जगहों पर गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
फिलहाल, इस अचानक हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह भी दी है।





