शादी से इनकार करने पर युवती के पिता पर चाकू से हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

बिलासपुर में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज युवक ने युवती के पिता पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने गैरेज में घुसकर युवक के पिता पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

सरनेम बदलकर शुरू की थी शादी की बात

जानकारी के मुताबिक, कुदुदंड पानी टंकी के पास रहने वाला साहिल मरावी एक युवती से शादी करना चाहता था। आरोप है कि उसने खुद को साहिल मानिकपुरी बताकर युवती के परिवार से संपर्क किया था। शुरुआत में दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत भी शुरू हो गई थी।

बाद में युवती के परिवार को आरोपी के असली सरनेम की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने रिश्ता करने से इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी आरोपी लगातार शादी का दबाव बना रहा था। उसकी हरकतों से परेशान होकर परिवार दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा था।

गैरेज में घुसकर किए ताबड़तोड़ 6 वार

सोमवार सुबह युवती के पिता मोहितदास मानिकपुरी अपनी बाइक बनवाने घर के पास स्थित गैरेज पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी साहिल चाकू लेकर वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने सीने और पीठ पर लगातार कई वार किए। गंभीर हालत में घायल को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गैरेज में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी युवक पीड़ित पर एक के बाद एक छह बार चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में घायल व्यक्ति हमलावर को रोकने और पकड़ने की कोशिश भी करता नजर आ रहा है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला था। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। भागने के दौरान आरोपी गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में चोट भी आई।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि दो दिन पहले भी आरोपी ने युवती के साथ सड़क पर मारपीट की थी, जिसकी शिकायत लेकर वे थाने पहुंचे थे। परिवार का कहना है कि उस समय कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपी के हौसले बढ़ गए और बाद में उसने जानलेवा हमला कर दिया। हालांकि थाना प्रभारी ने परिवार के आरोपों से इनकार किया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button