हाईवे पर युवती ने चलती कार के साथ बनाई रील, शैंपेन उड़ाकर किया स्टंट; केस दर्ज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर एक युवती द्वारा चलती कार के सामने रैंप वॉक करने, शैंपेन उड़ाने और कार की छत पर चढ़कर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
चलती कार के साथ बनाई गई रील
वायरल वीडियो में युवती देर रात नेशनल हाईवे बाइपास पर चलती कार के सामने रैंप वॉक करती दिखाई दे रही है। इस दौरान उसने शैंपेन की बोतल खोलकर झाग उड़ाया और कार की छत पर चढ़कर अलग-अलग पोज दिए। वीडियो में सड़क पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी साफ नजर आ रही है।
पुलिस के मुताबिक वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक की पहचान कर ली गई है। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी
ट्रैफिक अधिकारियों ने बताया कि कार को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की स्टंटबाजी गंभीर हादसों को न्योता दे सकती है। चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, कार की छत पर खड़े होना और सड़क पर रील शूट करना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है बल्कि अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
बिलासपुर और आसपास के इलाकों में इससे पहले भी हाईवे पर स्टंट और रील बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में चलती BMW कार की सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कार जब्त कर कार्रवाई की थी।
इसके अलावा हाईवे पर लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकालकर जाम लगाने, सड़क पर कारें खड़ी कर वीडियो शूट करने और चलती गाड़ियों से स्टंट करने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इन मामलों को लेकर हाईकोर्ट भी सख्त टिप्पणी कर चुका है और प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन न करें और सार्वजनिक सड़कों को स्टंट का मंच बनाने से बचें।





