भिलाई में ग्रामीणों ने युवक को पीटा, मासूम बच्ची से रेप की कोशिश, चॉकलेट दिलाने ले गया साथ, ग्रामीणों ने पीछाकर बच्ची को बचाया

छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक बार फिर मासूम नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोपी बच्ची को दुकान में चॉकलेट दिलाने के बहाने सुनसान जगह की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे देख लिया। ग्रामीणों ने बच्ची को समय रहते बचाया और तुरंत आरोपी युवक को पकड़ लिया।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने गुस्से में आकर आरोपी की मौके पर ही जमकर पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। यह मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है।दरअसल बच्ची की मां नहीं है और उसके पिता काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बच्ची की देखभाल और परवरिश एक मितानिन कर रही है, जिसने उसे गोद लिया हुआ है। शनिवार की शाम करीब 5 बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी।
इसी दौरान आरोपी बच्ची को दुकान से चॉकलेट दिलाने के बहाने जंगल और झाड़ियों की तरफ ले जा रहा था, तभी गांव के कुछ लोगों ने उसे देख लिया। ग्रामीण उसके पीछे-पीछे गए। समय रहते सभी ने बच्ची को बचा लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह दुष्कर्म की कोशिश थी, दुष्कर्म नहीं हुआ है।
यह घटना शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर और सीएसपी प्रशांत कुमार समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी किशोर चौहान (23) के खिलाफ धारा 137(2), 65(2), 296, 115(2), 351(3) और 4,12 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामले में भिलाई-3 थाना पुलिस का कहना है कि युवक रेप की कोशिश कर रहा था, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर हिरासत में लिया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।करीब दो सप्ताह पहले दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची से भी रेप हुआ था। पड़ोसी धनेश्वर साहू उसे बहलाकर अपने साथ ले गया था। अपहरण से पहले का सीसीटीवी सामने आया, जिसमें आरोपी ने पहले बच्ची को चॉकलेट दिलाया और साथ ले गया।आरोपी ने गलत हरकत कर मासूम की हत्या करने की भी कोशिश की थी। उसने बच्ची के मुंह को पिलो कवर से बांधा, बोरी में भरकर घर के पीछे खंडहर के करीब कुएं के पास फेंक दिया था। हालांकि 2 घंटे बाद बच्ची डरी हुई हालत में मिली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।





