पास्टर पर धर्मांतरण के आरोप में ग्रामीणों का हमला, गांव छोड़ने का अल्टीमेटम

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में धर्मांतरण के आरोप को लेकर एक पास्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कथित रूप से पास्टर को लात-घूंसों और चप्पलों से पीटा, यहां तक कि उसकी शर्ट भी फाड़ दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गांव की बैठक के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, पास्टर ओडिशा के नवरंगपुर क्षेत्र का निवासी है और पिछले डेढ़ साल से अपने परिवार के साथ रेटावंड गांव में रह रहा था। हाल ही में गांव में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों के साथ धर्मांतरित परिवार भी शामिल हुए। बैठक में पास्टर को गांव छोड़ने के लिए कहा गया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
मारपीट कर गांव छोड़ने की चेतावनी
विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने पास्टर की पिटाई कर दी और उसे परिवार सहित गांव छोड़कर वापस ओडिशा जाने के लिए कहा। ग्रामीणों का आरोप है कि पास्टर गांव में लोगों का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहा था, जिससे नाराजगी बढ़ी।
पुलिस पहुंची, स्थिति नियंत्रित
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पास्टर ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है और पास्टर ने भी जल्द गांव छोड़ने का आश्वासन दिया है।





