ग्राम बेलटुकरी में मितानीन के दोहरे पद को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड से एक मामला सामने आया है, जहाँ ग्राम पंचायत बेलटुकरी के मनियारी उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ मितानीन अनुपा बाई मेहर को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अनुपा बाई जहां एक ओर मितानीन के रूप में स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं, वहीं हाल ही में उन्हें ग्राम पंचायत में पंच के रूप में भी निर्वाचित कर लिया गया है।
गांव वालों का कहना है कि दोनों जिम्मेदारियों के चलते न तो स्वास्थ्य सेवाएं ठीक से मिल पा रही हैं, और न ही पंचायत के कार्यों में उनकी भागीदारी संतोषजनक है।
ग्रामवासियों ने इस दोहरे पद को हितों का टकराव बताते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, तखतपुर से इस पर कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि अनुपा बाई को किसी एक पद पर ही सीमित किया जाए, ताकि दोनों ही क्षेत्रों में कार्य की गुणवत्ता बनी रहे। साथ ही उन्होंने वार्ड क्रमांक 10 से किसी अन्य योग्य महिला को मितानीन नियुक्त करने की भी मांग की है।
फिलहाल, ग्रामीणों की यह आपत्ति स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए विचारणीय विषय बन गई है। देखना होगा कि अधिकारियों की ओर से इस पर क्या निर्णय लिया जाता है।





