ई-चालान बकाया तो जब्त होगी गाड़ी, ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान शुरू

राजधानी में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिन वाहनों पर ई-चालान लंबित है और समय पर भुगतान नहीं किया गया है, उन्हें अब जब्त किया जा रहा है। पिछले दो दिनों में 135 वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिन पर डेढ़ लाख रुपए से अधिक का चालान बकाया था।
स्मार्ट सिस्टम से हो रही निगरानी
शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की पहचान कर ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ डिजिटल माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।
घर-घर पहुंच रही पुलिस टीम
यातायात पुलिस की टीमें अब वाहन मालिकों के घर जाकर नोटिस दे रही हैं और लंबित चालान का भुगतान करने के लिए कहा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने पर संबंधित वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान और तेज करने की तैयारी
अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने ई-चालान की स्थिति जांचते रहें और जल्द भुगतान करें। आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।





