गांव-गांव तक इलाज पहुंचाने के लिए 151 नए स्वास्थ्य वाहन रवाना, जल्द मिलेंगी 851 एंबुलेंस

रायपुर। प्रदेश में अब स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर और तेज होंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को अपने निवास से 151 नए स्वास्थ्य वाहन हरी झंडी दिखाकर रवाना किए। ये वाहन खासकर बस्तर और सरगुजा जैसे दूर-दराज के इलाकों तक समय पर इलाज पहुंचाने में मदद करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम ‘स्वस्थ छत्तीसगढ़’ की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक काम है। पुराने और बेकार हो चुके वाहनों को हटाकर ये नए, आधुनिक वाहन दिए गए हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं और निगरानी में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन वाहनों का इस्तेमाल स्वास्थ्य शिविरों की निगरानी, आपातकालीन मदद और त्वरित सेवाओं के लिए किया जाएगा। पहले चरण में ये वाहन बस्तर और सरगुजा संभाग के 12 जिलों को भेजे जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही प्रदेश में 851 नई एंबुलेंस सेवाएं भी शुरू होंगी। इनमें 108 आपातकालीन सेवा के लिए 375 एंबुलेंस, 30 मोबाइल मेडिकल यूनिट और 163 ‘मुक्तांजली’ शव वाहन शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 30 विशेष एंबुलेंस भी जल्द दी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बारिश जैसे मुश्किल मौसम में भी घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकेंगी।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर रही है और ग्रामीण इलाकों तक इलाज पहुंचाने के लिए काम कर रही है। कार्यक्रम में कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।





