कबीरधाम की बेटी वैदेही सिन्हा ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, राष्ट्रीय बेसबॉल में सिल्वर मेडल

कवर्धा।छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेरी है। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की बेसबॉल प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के छोटे से गांव नवागांव सोनपुरी की बेटी वैदेही सिन्हा ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। वैदेही के उत्कृष्ट खेल की बदौलत छत्तीसगढ़ की टीम ने देशभर में दूसरा स्थान (सिल्वर मेडल) हासिल किया है।

पूरे जिले से एकमात्र खिलाड़ी थीं वैदेही

दिल्ली में 29 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हरियाणा, मध्यप्रदेश, असम, पंजाब और दिल्ली जैसी मजबूत टीमें शामिल थीं। पूरे कबीरधाम जिले से वैदेही सिन्हा एकमात्र बालिका खिलाड़ी थीं, जिनका चयन छत्तीसगढ़ की टीम में हुआ। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुशासित और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया।

मजबूत टीमों को हराकर फाइनल में पहुंची छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की टीम ने वैदेही के शानदार योगदान से हरियाणा, मध्यप्रदेश, असम और पंजाब जैसी अनुभवी टीमों को पराजित करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

गांव में उत्सव जैसा माहौल, भव्य स्वागत

3 फरवरी को प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद जब वैदेही अपने गृह ग्राम नवागांव सोनपुरी पहुंचीं, तो ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों के बीच फूल-मालाओं और तिलक के साथ बेटी का अभिनंदन किया गया। पूरे गांव में गर्व और खुशी का माहौल देखने को मिला।

अगला लक्ष्य: देश के लिए गोल्ड मेडल

अपनी सफलता का श्रेय देते हुए वैदेही सिन्हा ने अपने माता-पिता और कोच का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका सपना भारतीय जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना है।

वैदेही की यह उपलब्धि कबीरधाम जिले और छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद ऊंचे लक्ष्य हासिल करने का हौसला रखती हैं।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button