पति की मौत का सदमा नहीं सह पाई पत्नी: दूसरे दिन फांसी लगाकर दी जान, गांव में पसरा मातम

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पति की करंट लगने से मौत के बाद पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पति की अचानक मौत से महिला गहरे सदमे में थी और दो दिन बाद उसने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। एक ही घर से लगातार दो दिनों में दो अर्थियां उठने से ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

करंट लगने से हुई थी पति की मौत

जानकारी के मुताबिक, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट खेती-किसानी का काम करता था। 17 मई को वह घर में मोटर पंप चालू कर रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। करीब चार साल पहले उसकी शादी सुनीता बाई केंवट से हुई थी। पति की मौत के बाद से सुनीता काफी गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रही थी।

कमरे में फंदे पर लटकती मिली महिला

बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात घर के सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान सुनीता ने अपने कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। देर रात जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

दो दिन में उठीं दो अर्थियां

पति की मौत के बाद परिवार पहले से ही सदमे में था। वहीं पत्नी की आत्महत्या की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार परिवार के घर पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद महिला का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि पति की मौत करंट लगने से हुई थी, जबकि पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button