UGC ने 18 राज्यों की 54 प्राइवेट यूनिवर्सिटी को नोटिस, रायपुर की आंजनेय यूनिवर्सिटी भी शामिल

रायपुर। उच्च शिक्षा में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने देशभर के 18 राज्यों की 54 प्राइवेट यूनिवर्सिटी को नोटिस भेजा है। आरोप है कि ये संस्थान जून 2024 से लागू ‘सेल्फ पब्लिक डिसक्लोजर’ दिशानिर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की तीन यूनिवर्सिटी इस सूची में शामिल हैं। इनमें रायपुर की आंजनेय यूनिवर्सिटी, दुर्ग की देव संस्कृति यूनिवर्सिटी और बिलासपुर की महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी शामिल हैं।

UGC के अनुसार, सभी यूनिवर्सिटी को अपनी वेबसाइट पर कोर्स, फैकल्टी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, रिसर्च, छात्र संख्या और वित्तीय जानकारी सार्वजनिक करनी होती है। यह जानकारी होमपेज से आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए और किसी यूजर को लॉगिन या रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।
आयोग ने चेतावनी दी है कि इन संस्थानों ने धारा 13 के तहत आवश्यक जानकारी न तो आयोग को दी और न ही वेबसाइट पर प्रकाशित की। UGC ने कहा कि यदि यह गैर-अनुपालन जारी रहा तो नियामकीय जांच और प्रतिबंध जैसे कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई के पीछे कारण यह है कि आयोग ने इन यूनिवर्सिटी को कई बार पत्र, ईमेल और ऑनलाइन मीटिंग्स के जरिए चेताया था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। UGC का मानना है कि छात्रों, अभिभावकों और अन्य हितधारकों के लिए विश्वविद्यालय की पूरी जानकारी उपलब्ध होना अनिवार्य है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और संस्थान जवाबदेह बनेंगे। छात्र और माता-पिता ऐसी खुली जानकारी के आधार पर बेहतर निर्णय ले पाएंगे।





