एनएच-30 पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, तीन लोगों की मौत, घंटों बाधित रहा यातायात

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। ग्राम रतेसरा के पास सुबह करीब तीन बजे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और केबिन में फंसे लोगों को निकालने के लिए कटर से केबिन काटना पड़ा।

हादसा चारामा थाना क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया।

सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाया गया। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। दो दिन पहले भी इसी मार्ग पर एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button