फर्जी पुलिस बनकर महिला से सोने की माला लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ में खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग महिला से सोने की माला लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने महिला को बातचीत में उलझाकर झपट्टा मारकर माला लूट ली थी और स्कूटी से फरार हो गए थे। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए बस से निकले थे। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी हादसे के बारे में पूछताछ करने लगे। उन्होंने आधार कार्ड दिखाने को कहा और उसी दौरान एक आरोपी ने बुजुर्ग महिला के गले से सोने की माला खींच ली। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी में बैठकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता से आरोपियों के हुलिए और स्कूटी के बारे में जानकारी लेकर संदिग्ध लाल रंग की स्कूटी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज पीड़िता और उसकी पोती को दिखाए गए, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने नवागढ़ राजापारा निवासी चमार सिंह यादव और मधुबन पारा निवासी रामकुमार नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से करीब 85 हजार रुपये कीमत की सोने की माला और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त की गई। कुल मिलाकर लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि झपटमारी और उठाईगिरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button