कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर पहली बार शान से लहराया तिरंगा, नक्सल कोर एरिया में रचा गया इतिहास

बीजापुर। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित अंदरूनी इलाकों में इतिहास रच दिया गया। माओवादियों के कोर एरिया माने जाने वाले कर्रेगुट्टा हिल्स की करीब 5000 फीट ऊंचाई पर स्थापित नवीन सुरक्षा कैम्प में सुरक्षाबलों ने पूरे सम्मान और गौरव के साथ तिरंगा फहराया।
जिस इलाके में कभी नक्सलियों का खौफ था और जहां सुरक्षाबलों ने एक माह तक लगातार ऑपरेशन चलाया, आज उसी धरती पर लोकतंत्र की मजबूती और शांति की वापसी का संदेश गूंजता नजर आया। 77वें गणतंत्र दिवस पर यह दृश्य क्षेत्र में बदलते हालातों और सुरक्षा बलों की सफलता का प्रतीक बना।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में सुरक्षाबलों के साथ जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। सभी ने एक साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। नवीन सुरक्षा कैम्पों में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने प्रभात फेरी निकाली, जहां वंदे मातरम और जय हिंद के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
कभी लाल आतंक के साये में जीने वाले इन गांवों में अब सुरक्षा बलों की मौजूदगी में शांति, विश्वास और नए भविष्य की तस्वीर साफ नजर आने लगी है।





