रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 42 किलो गांजा, 2200 नशीली गोलियां और MDMA जब्त, 12 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अलग-अलग मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 11 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। संयुक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा की गई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 42 किलो गांजा, 2200 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और 1.53 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया है। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है।

कोतवाली क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर 1700 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा गया। बिना वैध दस्तावेज के इन दवाइयों की बिक्री की जा रही थी। मेडिकल स्टोर को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

गंज थाना क्षेत्र में दो आरोपी एमडीएमए ड्रग्स के साथ पकड़े गए। पूछताछ में सामने आया कि वे नागपुर से आने वाली ट्रेन के अटेंडेंट के जरिए ड्रग्स मंगाते थे।

पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया, जो ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा सप्लाई करने जा रहे थे। उनके पास से 42 किलो गांजा और एक लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए।

डीडी नगर क्षेत्र में 500 प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और इनके बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद अब तक 24 मामलों में 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 1.72 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। मामले की जांच जारी है और अन्य राज्यों तक फैले नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button