बिलासपुर में मुख्य डाकघर के पास अचानक गिरा विशाल नीम का पेड़, कार क्षतिग्रस्त और घंटों लगा जाम

बिलासपुर के मुख्य डाकघर परिसर में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां बिना आंधी-तूफान के एक विशाल नीम का पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पेड़ गिरने से सड़क किनारे खड़ी सफेद रंग की कार उसकी चपेट में आ गई, जिससे कार का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान बिजली की तारें भी टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिसके चलते इलाके में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
मुख्य डाकघर क्षेत्र शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में गिना जाता है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में अचानक पेड़ गिरने से लोगों में डर का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई राहगीर पेड़ की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम पहुंची और पेड़ हटाने का काम शुरू किया गया। घंटों मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका।





