आंधी-तूफान थमेगा, तापमान में बढ़ोतरी के संकेत, 38 डिग्री के पार जा सकता है पारा

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और आंधी-तूफान की गतिविधियों में कमी आने के संकेत मिल रहे हैं। इसके चलते मौसम धीरे-धीरे साफ और शुष्क होने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दिन कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
मौसम में बदलाव के साथ आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इससे गर्मी का असर फिर से तेज हो सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जबकि मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में तापमान लगभग स्थिर रहा। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हुई, जिसमें मनोरा, कांसाबेल और जशपुरनगर में लगभग 10-10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
आने वाले दो दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश की गतिविधियां थम सकती हैं। वहीं, राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने के आसार हैं, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ रेखा के प्रभाव से पिछले दिनों बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी हुई थी, जो अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है।





