रायपुर में IPL मैच का रोमांच, टिकट होने के बावजूद कई फैंस को नहीं मिली एंट्री

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए IPL मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। मैच को लेकर छत्तीसगढ़ समेत ओडिशा, राजस्थान और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी रायपुर पहुंचे। स्टेडियम के बाहर और भीतर पूरे समय उत्साह का माहौल बना रहा।
फैंस में दिखा जबरदस्त क्रेज
मैच के दौरान विराट कोहली और रोहित शर्मा के फैंस का खास उत्साह देखने को मिला। महासमुंद से आया एक युवक पैर टूटने के बावजूद दोस्त के कंधे पर बैठकर मैच देखने पहुंचा। वहीं राजस्थान से आए एक फैन ने सूर्यकुमार यादव के नाम का टैटू बनवाया था। कई दर्शक अपने चेहरे पर टीमों के रंग और पोस्टर के साथ नजर आए।
कुछ फैंस प्रेमानंद महाराज के साथ विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर पहुंचे, जबकि रायपुर की एक युवती ने RCB की जीत के लिए श्रीकृष्ण-राधा की पेंटिंग वाला पोस्टर तैयार किया। बच्चों में भी मैच को लेकर अलग उत्साह दिखाई दिया।
स्टेडियम के बाहर टिकट ब्लैक का खेल
मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम के बाहर टिकट ब्लैक में बेचने वाले सक्रिय रहे। कई दर्शकों ने आरोप लगाया कि टिकटों की कीमत वास्तविक रेट से काफी ज्यादा ली गई। कुछ लोगों ने मजबूरी में अतिरिक्त पैसे देकर टिकट खरीदे।
मैच के दौरान स्टेडियम पहुंचने वाले रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम भी लगा रहा। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की व्यवस्था के बावजूद कई जगह वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। फैंस सड़क किनारे रुककर जर्सी और टीम कैप खरीदते नजर आए।
फ्री WiFi नहीं चला, टिकटधारकों को भी रोका गया
कई दर्शकों ने शिकायत की कि टिकट होने के बावजूद उन्हें स्टेडियम के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। गेट नंबर 9 के बाहर लंबे समय तक लोग खड़े रहे। वहीं स्टेडियम में फ्री WiFi सुविधा देने के दावे भी फेल साबित हुए। फैंस का कहना था कि उन्हें इंटरनेट सुविधा का लाभ नहीं मिला।
रायपुर में इससे पहले खेले गए IPL मुकाबलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। इस मैच में भी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने मुकाबला अपने नाम किया।





