गुढ़ियारी में IPL पर सट्टा खेलते तीन युवक गिरफ्तार, तीन iPhone जब्त

रायपुर। गुढ़ियारी इलाके में IPL क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 3 महंगे iPhone जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के महतारी चौक के पास कुछ युवक अपने मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एंटी क्राइम यूनिट और गुढ़ियारी पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर तीन युवकों को मौके से पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम जगमोहन साहू (20), गोपीचंद गुप्ता (18) और साईराम साहू (18) बताए। सभी आरोपी गोकुल नगर, रामनगर, गुढ़ियारी के रहने वाले हैं।
जब पुलिस ने उनके मोबाइल फोन चेक किए, तो उसमें IPL मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल तीनों युवकों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।





