रेत विवाद में भाजपा नेता समेत तीन की मौत, परिजनों ने सीबीआई जांच और एनकाउंटर की मांग की

कोरिया जिले में रेत परिवहन और अवैध वसूली को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नौगई गांव में हुए हमले में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मृतक के परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर और मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

रेत कारोबार को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक रेत घाट का ठेका भरत सिंह के परिवार को मिला था। इसके बाद रेत परिवहन और कथित अवैध वसूली को लेकर उनका विवाद दूसरे पक्ष से बढ़ गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कई महीनों से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी।

परिजनों का आरोप है कि विवाद सुलझाने और समझौते के उद्देश्य से भरत सिंह अपने साथियों के साथ नौगई गांव पहुंचे थे। इसी दौरान उन पर सुनियोजित हमला कर दिया गया।

हाईवा से रास्ता रोककर कार में लगाई आग

आरोप है कि हमलावरों ने फॉर्च्यूनर वाहन के आगे और पीछे हाईवा खड़ा कर रास्ता रोक दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। घटना में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

हमले में गंभीर रूप से झुलसे उनके चचेरे भाई नागेंद्र सिंह ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं एक अन्य घायल वीरेंद्र सिंह की भी मौत हो गई। मयंक सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

चार आरोपी गिरफ्तार, राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

सरगुजा रेंज पुलिस के अनुसार मामले में नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस ने राज्य में रेत खनन और अवैध गतिविधियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। वहीं परिजनों ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button