छत्तीसगढ़ में तीन दिन मौसम का अलर्ट, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

तेज हवाओं और बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रविवार को भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और बिजली गिरने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य पाकिस्तान से बांग्लादेश तक फैली एक मौसमी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

शनिवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित

बदलते मौसम के बीच कोरबा के लेमरू क्षेत्र में आंधी-तूफान के दौरान एक पेड़ पति-पत्नी पर गिर गया। हादसे में 54 वर्षीय शिवरतन माझी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

वहीं, कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर बिजली गिरने से उपसरपंच सहित तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। इसके अलावा तेज अंधड़ के कारण कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हुए।

रायपुर में भी आंधी और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक, हल्की बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

रायपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button