छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले 5 दिन तापमान 3 से 5 डिग्री तक चढ़ने के आसार

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई हल्की बारिश और अंधड़ के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अब आने वाले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री तक कम बना हुआ है।
उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं दुर्ग में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे ज्यादा रहा।
हाल ही में कोंडागांव जिले में ओलावृष्टि के कारण शिमला-मनाली जैसा नजारा देखने को मिला। बड़ेराजपुर क्षेत्र के कई गांवों में खेतों पर ओलों की मोटी परत जम गई, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा। जशपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, अब बारिश का सिस्टम कमजोर हो गया है और प्रदेश में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। सुकमा जिले के गादीरास में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई, लेकिन अब प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहेगा और तापमान बढ़ने के साथ दोपहर में तेज धूप का असर दिखेगा। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे अगले कुछ दिनों तक तापमान लगातार बढ़ेगा। इसके बाद तापमान में स्थिरता आ सकती है, लेकिन तब तक गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस होने लगेगा।





