राहुल गांधी के दौरे से पहले छत्तीसगढ़ में सियासी तकरार तेज, रमन सिंह और भूपेश बघेल आमने-सामने

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए भाजपा की चुनावी जीत और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं।

रमन सिंह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

दुर्ग सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. रमन सिंह ने केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने की उपलब्धियां गिनाईं और इस दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ता है।

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ का भी दौरा करना चाहिए, जिससे यहां कांग्रेस की स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।

भूपेश बघेल ने भाजपा के स्ट्राइक रेट पर उठाए सवाल

रमन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, वहां भाजपा का स्ट्राइक रेट करीब 90 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो कई सवाल खड़े करता है।

उन्होंने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा को मिली यह सफलता सामान्य राजनीतिक परिस्थितियों में संभव नहीं दिखती। बघेल ने इसे ‘लोकतंत्र की डकैती’ करार देते हुए चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

राहुल गांधी करेंगे कांग्रेस पदाधिकारियों को संबोधित

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 21 से 30 जून तक रायपुर में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी एक दिन शामिल होंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, प्रशिक्षण शिविर में सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। कार्यक्रम को आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button