तखतपुर में खाद दुकानों पर छापामार कार्रवाई, कालाबाजारी पर प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

तखतपुर। प्रदेश में यूरिया खाद की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच तखतपुर में सोमवार को राज्य स्तरीय टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने नगर के कई खाद और कृषि सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
संकट मोचन खाद भंडार में छापे के दौरान पाया गया कि बिना एफसीओ लाइसेंस के कीटनाशक दवाइयाँ बेची जा रही थीं। अधिकारियों ने दुकान संचालक को निर्देश दिया कि वह तुरंत लाइसेंस प्रस्तुत करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही टीम ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यापारी खाद अधिक दाम पर बेचता पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।
निरीक्षण की खबर फैलते ही अन्य दुकानदार भी सतर्क हो गए। कई व्यापारियों ने खुद ही स्टॉक सीमित कर दिया और ग्राहकों को निर्धारित मूल्य पर खाद बेचने लगे। वहीं कुछ दुकानदारों ने छापे से बचने के लिए खाद और दवाइयों का स्टॉक छुपा दिया।
किसानों ने भी प्रशासन से मांग की है कि उन्हें समय पर खाद उपलब्ध कराया जाए और कालाबाजारी करने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि बिना लाइसेंस बिक्री, अधिक दाम पर खाद बेचना और अन्य गड़बड़ियों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में यह कार्रवाई केवल औपचारिकता रह जाएगी या सचमुच कालाबाजारी पर लगाम लगेगी।





