महिला से चेन लूटने वाला गिरफ्तार, चोरी का सोना खरीदने वाला सुनार भी पुलिस के शिकंजे में

राजधानी में महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के दौरान चोरी का सोना खरीदने वाले सुनार को भी पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने पांच दिनों में 150 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले।
घर के बाहर महिला से झपटी थी चेन
घटना 29 अप्रैल की सुबह की बताई जा रही है। महिला अपने घर के बाहर पानी का नल लगाने निकली थीं, तभी बाइक सवार युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया।
पूछताछ में खुला सुनार का नाम
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विवेक उर्फ छोटू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने वारदात कबूल करते हुए बताया कि लूटी गई चेन उसने एक सुनार को बेच दी थी।
इसके बाद पुलिस ने सुनार प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सुनार ने सोने की चेन गलाने की बात स्वीकार की।
सोना, नकदी और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 ग्राम सोना, डेढ़ लाख रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।





