छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक वाहनों पर सब्सिडी में 50 हजार की कटौती

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) पर मिलने वाली सब्सिडी में बड़ी कटौती की है। अब EV खरीदारों को अधिकतम 1.5 लाख की बजाय सिर्फ 1 लाख रुपए तक की सब्सिडी मिलेगी। इसके साथ ही 20 लाख रुपए से अधिक कीमत वाले वाहनों पर सब्सिडी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।

पहले ऐसे वाहनों को भी राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी दी जाती थी। वहीं हाईब्रिड इलेक्ट्रिक वाहनों को अब किसी भी प्रकार की प्रोत्साहन राशि नहीं मिलेगी। परिवहन विभाग ने इस फैसले को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है, जो राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही प्रभावशील हो गई है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने 2022 में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी लागू की थी, जिसके तहत वाहन मूल्य के 10% तक (अधिकतम ₹1.5 लाख) सब्सिडी दी जा रही थी। इस नीति से EV की बिक्री में तेजी आई, लेकिन सरकार पर आर्थिक बोझ भी बढ़ा। अधिकारियों के अनुसार, सब्सिडी में कटौती से इस बोझ को कम किया जा सकेगा।

जानकारी के मुताबिक, राज्य में अब तक 80 करोड़ रुपए की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है, जबकि 85 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अभी भी लंबित है। पहले चरण में 30 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। हालांकि, परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोपहिया और ई-रिक्शा जैसी छोटी श्रेणी के EV खरीदारों को सब्सिडी कटौती से कोई असर नहीं होगा, क्योंकि इन वाहनों की कीमत 10 लाख रुपए से कम होती है। निर्णय का प्रभाव केवल महंगे और हाईब्रिड वाहनों पर पड़ेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button