बिलासपुर में हाईटेंशन तार टूटने से छात्र की मौत: करंट की चपेट में आने से गई जान, मुआवजे की मांग को लेकर बिजली दफ्तर का घेराव

बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर घरेलू सर्विस लाइन पर गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। करंट फैलने से 17 वर्षीय छात्र हिमांशु साहू इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

ओवरलोडिंग के चलते हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गुड़ी के देवारपारा में देर रात 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। तार घरेलू बिजली लाइन पर गिरने से पूरे इलाके में करंट फैल गया। उसी दौरान खाना खाने के बाद टहलने निकला हिमांशु साहू अंधेरे में टूटे हुए तार को नहीं देख सका और उसकी चपेट में आ गया।

गंभीर रूप से झुलसे छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घंटों तक उठती रहीं चिंगारियां, उपकरण भी हुए खराब

हाईटेंशन तार टूटने के बाद इलाके में शॉर्ट सर्किट के कारण घंटों तक चिंगारियां और आग की लपटें उठती रहीं। अचानक हाई वोल्टेज करंट फैलने से कई घरों में लगे टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो गए।

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के समय पूरे मोहल्ले में भय का माहौल था। लोगों ने किसी तरह खुद को और अपने परिवारों को सुरक्षित रखा, लेकिन छात्र की जान नहीं बचाई जा सकी।

ग्रामीणों का प्रदर्शन, कार्रवाई और मुआवजे की मांग

घटना से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली लाइनों की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और गांव की बिजली व्यवस्था की व्यापक जांच कर सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। वहीं बिजली विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button