तखतपुर में स्कूलों के पास नशे का सामान बेचने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

बिलासपुर:तखतपुर स्कूल और कॉलेज के आस-पास नशे का सामान बेचने वालों के खिलाफ तखतपुर पुलिस ने सख्ती दिखाई है।
थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम और नगर पालिका कर्मचारियों ने मिलकर स्कूल परिसर से 100 मीटर के अंदर सिगरेट, गुटखा, तंबाकू और गुड़ाखू बेचने वालों पर छापेमारी की। इस दौरान कई ठेले और गुमटियों से नशे का सामान जब्त किया गया और दुकानदारों को सख्त चेतावनी भी दी गई।
यह कार्रवाई कोटपा एक्ट (COTPA Act) के तहत की गई है। पुलिस का कहना है कि 15 जून से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है और ऐसे में स्कूलों के पास नशे का सामान बेचना कानूनन अपराध है और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी बहुत खतरनाक है।
थाना प्रभारी ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि बच्चों को नशे की आदत से दूर रखा जा सके और उन्हें एक सुरक्षित और स्वस्थ शैक्षणिक माहौल मिल सके।
इस कार्रवाई से अभिभावकों और आम लोगों में भी संतोष देखा गया है।





