रायपुर में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्त एक्शन, 151 का पुलिस ने काटा चालान

रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। 18 अप्रैल 2026 की रात चलाए गए विशेष अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 151 चालकों पर कार्रवाई की गई। यह पूरी कार्रवाई महज दो घंटे के भीतर शहर के 9 अलग-अलग स्थानों पर की गई, जिससे नशे में ड्राइविंग करने वालों में हड़कंप मच गया।

इस अभियान का नेतृत्व यातायात एवं प्रोटोकॉल उपायुक्त विकास कुमार ने किया। पुलिस टीमों ने देर रात अचानक चेकिंग लगाकर वाहन चालकों की जांच की। ब्रेथ एनालाइजर के जरिए शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की पहचान की गई और उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत केस दर्ज किए गए।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के 2456 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। यह आंकड़ा बताता है कि शहर में नशे में ड्राइविंग एक गंभीर समस्या बनती जा रही है, जिसे नियंत्रित करने के लिए लगातार सख्ती बरती जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क हादसों को रोकना और लोगों की जान बचाना है। नशे में वाहन चलाना न सिर्फ चालक बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बनता है।

ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब पीने के बाद वाहन न चलाएं। यदि किसी कारणवश नशे की स्थिति में हों, तो कैब या अन्य सुरक्षित विकल्प का उपयोग करें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आगे भी इस तरह के सरप्राइज चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button