हेल्थ सप्लायर पर स्टेट जीएसटी का एक्शन, 1 करोड़ की टैक्स चोरी का कारोबारी पर आरोप
परिवार ने खड़ी की 3 फर्म, आपसी लेनदेन दिखाकर लगाया चूना

रायपुर। रायगढ़ में स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल उपकरण सप्लाई करने वाली एक फर्म श्याम सर्जिकल पर स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में खुलासा हुआ कि फर्म संचालक ने अपने परिवार के नाम से तीन अन्य फर्म राहुल इंटरप्राइजेज, नारायणी हेल्थकेयर और पीआर इंटरप्राइजेज खड़ी की थीं। इन फर्मों के बीच फर्जी खरीद-बिक्री दिखाकर करीब 1 करोड़ रुपए की जीएसटी चोरी की गई है।
जानकारी के मुताबिक, श्याम सर्जिकल ने पिछले 4-5 सालों में छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के सरकारी अस्पतालों में करीब 48 करोड़ रुपए के उपकरण सप्लाई किए, जबकि वास्तविक खरीदी महज 10 करोड़ की थी। जांच में यह भी सामने आया कि फर्म ने सामग्रियों को खरीद मूल्य से 4-5 गुना ज्यादा दर पर सप्लाई किया और 400 से 500 प्रतिशत तक मुनाफा कमाया।
स्टेट जीएसटी की इस कार्रवाई के पीछे वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश थे, जिन्होंने सरकारी आपूर्ति में पारदर्शिता लाने और टैक्स चोरी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकारी निधि और जन स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा अपराध सिर्फ आर्थिक धोखाधड़ी नहीं, बल्कि जनता के साथ विश्वासघात है।





