भिलाई में किराए के मकान से सेक्स रैकेट का खुलासा, 8 युवतियां मिलीं, सरगना महिला और ग्राहक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में एक किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान कमरे से 8 युवतियां बरामद की गईं। इनमें अधिकांश युवतियां पश्चिम बंगाल की बताई जा रही हैं, जबकि कुछ छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों की हैं। पुलिस ने इस मामले में सेक्स रैकेट संचालित करने वाली महिला और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी के मकान नंबर 146/8 में यह अवैध गतिविधि चल रही थी। मकान को धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत ने किराए पर लिया था और वहीं से पूरे रैकेट का संचालन किया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद स्मृति नगर चौकी पुलिस और महिला रक्षा टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की और प्वाइंटर भेजकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।

छापेमारी के दौरान पुलिस को कमरे में कई महिलाएं मिलीं और एक ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। आसपास के लोगों ने भी बताया कि इस मकान में काफी समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं।

पूछताछ में सामने आया कि संचालिका बाहर से युवतियों को बुलाकर कमरे में रखती थी और ग्राहकों से सौदा तय होने के बाद उन्हें दो से तीन दिन के लिए अलग-अलग स्थानों पर भेजा जाता था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक पल्सर बाइक, 12 मोबाइल फोन, 5500 रुपये नकद और देह व्यापार में इस्तेमाल होने वाली आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इसके अलावा कमरे से हुक्का और अन्य सामान भी मिला है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह रैकेट पिछले दो से तीन महीनों से संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने सभी युवतियों को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और बाद में उन्हें नियमों के अनुसार रिहा कर दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button