रायगढ़ के जंगल में युवती की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में डैम किनारे जंगल में एक युवती की अर्धनग्न लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव जंगल में औंधे मुंह पड़ा मिला। पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
डैम किनारे जंगल में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, तुमीडीह डैम के पास जंगल में मंगलवार शाम लोगों ने एक युवती का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवती की डेडबॉडी जमीन पर पड़ी हुई थी और उसके कपड़े शव के पास बिखरे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 20 से 22 साल के बीच बताई जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
चेहरा कुचलकर पहचान मिटाने की कोशिश
जांच के दौरान पुलिस को युवती के गले और गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। इसके अलावा पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरे को पत्थर से कुचलने की भी आशंका जताई जा रही है।
पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को जंगल में फेंका गया हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है।
पहचान के लिए आसपास थानों को भेजी सूचना
मृतका की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में युवती की जानकारी भेजी है। गुमशुदगी के मामलों से भी शव का मिलान किया जा रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।





