छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी झुलसाने वाली गर्मी, चार जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। गरियाबंद, धमतरी, बस्तर और कोंडागांव जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

बिलासपुर सबसे गर्म, रायपुर में उमस बढ़ी

पिछले 24 घंटों में बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी रायपुर में भी दिनभर तेज गर्मी और उमस बनी रही। यहां अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि हल्की बारिश के बावजूद गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।

क्या होता है येलो अलर्ट

येलो अलर्ट मौसम विभाग की शुरुआती चेतावनी होती है, जिसका मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। यह संकेत देता है कि मौसम सामान्य से खराब हो सकता है और आगे चलकर स्थिति गंभीर भी बन सकती है।

गर्मियों में येलो अलर्ट आमतौर पर लू और अत्यधिक तापमान की आशंका पर जारी किया जाता है। वहीं बारिश या तूफान के दौरान मध्यम से भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना होने पर भी यह चेतावनी जारी की जाती है।

गर्मी में सावधानी बरतने की सलाह

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई