तखतपुर के भरनी गांव में समाधान शिविर आयोजित, लोगों की समस्याएं सुनी गईं

तखतपुर क्षेत्र में लगातार आयोजित हो रहे समाधान शिविर अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत भरनी में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए जरूरी कार्रवाई की।
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक धर्मजीत, जनपद अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार, भाजपा नेता संतोष कौशिक, विशाल विक्की सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिविर के दौरान मंच से संबोधन में भाजपा नेता संतोष कौशिक ने बताया कि विधायक धर्मजीत द्वारा क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है।
मीडिया से बातचीत में विधायक धर्मजीत ने बताया कि तखतपुर नगर में सड़क मरम्मत के लिए एनएच विभाग से 2 करोड़ 60 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई है। यह राशि सिर्फ तखतपुर ही नहीं, बल्कि पंडरिया और पोड़ी जैसे अन्य नगरों में भी उपयोग की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि बरसात शुरू होने से पहले तखतपुर की सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।





