तरबूज के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 1.12 करोड़ का गांजा, पुलिस ने पिकअप समेत 6 तस्कर पकड़े

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार तस्कर ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जा रहे थे। तस्करी के लिए पिकअप वाहन में तरबूज लोड किए गए थे और उनके नीचे प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाया गया था।

तस्करों ने पिकअप को सुरक्षित निकालने के लिए एक कार को आगे-आगे चलाया हुआ था। कार में सवार लोग रास्ते पर नजर रख रहे थे ताकि पुलिस की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही पिकअप को अलर्ट किया जा सके।

एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिलने के बाद ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध कार और उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में वाहन में केवल तरबूज होने की बात कही गई, लेकिन संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर तरबूज के नीचे 9 बोरियों में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही पिकअप और कार में सवार सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस कार्रवाई में गांजे के अलावा पिकअप वाहन, एक कार और 6 मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में चार उत्तर प्रदेश और दो मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button