64 मेडल जीत चुके श्रीमंत झा से मिले रोहित शर्मा, बोले- अब शतक लगाना है

रायपुर में आईपीएल 2026 का उत्साह चरम पर है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के पैरा आर्म रेसलिंग खिलाड़ी गौरव श्रीमंत झा की मुलाकात भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से हुई। यह मुलाकात श्रीमंत के लिए बेहद खास और प्रेरणादायक रही। दोनों खिलाड़ियों के बीच खेल, मेहनत और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर बातचीत हुई, जिसकी अब खेल जगत में भी चर्चा हो रही है।
मुलाकात के दौरान श्रीमंत झा ने रोहित शर्मा को बताया कि वह अब तक भारत के लिए 64 अंतरराष्ट्रीय मेडल जीत चुके हैं। यह सुनते ही रोहित शर्मा ने मुस्कुराते हुए कहा, “अब शतक लगाना है।” रोहित की यह बात श्रीमंत के लिए नई प्रेरणा बन गई। उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य देश के लिए 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मेडल जीतना है।
श्रीमंत झा ने कहा कि देश के लिए खेलना हमेशा गर्व की बात होती है। उन्होंने बताया कि रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी से मिलना उनके जीवन का यादगार पल है। उनके शब्द और मार्गदर्शन उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगे।
वहीं रोहित शर्मा ने भी श्रीमंत की उपलब्धियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। श्रीमंत जैसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
बता दें कि आईपीएल 2026 के तहत 10 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाना है। इसी मैच के लिए मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंची है, जिसमें रोहित शर्मा भी शामिल हैं।
श्रीमंत झा और रोहित शर्मा की इस मुलाकात से प्रदेश के खिलाड़ियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल प्रेमी इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का पल बता रहे हैं।





