MAUSAM: पहाड़ों पर बर्फबारी से रास्ते हुए बंद, राजस्थान-पंजाब में बारिश से बढ़ी ठंड

दिल्ली। हिमाचल प्रदेश की निचली पहाड़ियों में तीव्र शीत लहर चल रही है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों में आने वाले चार दिनों में गंभीर ठंड का अलर्ट जारी किया है। वहीं पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में भी हल्की बारिश से तापमान गिरा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में इन राज्यों में तापमान और गिरने का अनुमान लगाया है।

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हिमपात के कारण कई जगहों पर तापमान लगातार जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है। पहाड़ी राज्यों में क्रिसमस से पहले हिमपात होने से पर्यटकों में उत्साह बढ़ गया है। हालांकि स्थानीय जनजीवन इसके कारण प्रभावित भी हो रहा है। मंगलवार कोपहलगाम का न्यूनतम तापमान माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा और यह कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। वहीं श्रीनगर में भी पारा माइनस 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार और राजस्थान में चुरू राज्य में सबसे ठंडे स्थान रहे।

केदारनाथ में दो फीट तक बर्फ जमा

उत्तराखंड में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून व पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले स्थानों पर सोमवार दोपहर से शुरू हुई हिमपात का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। हिमपात के कारण उत्तरकाशी में गंगोत्री राजमार्ग, रुद्रप्रयाग में ऊखीमठ-चोपता और चमोली में जोशीमठ-बदरीनाथ और जोशीमठ-मलारी राजमार्ग बाधित रहे। बदरीधाम व केदारनाथ धाम में दो फीट तक बर्फ जम चुकी है। 

राजस्थान और पंजाब में बारिश से बढ़ी सर्दी

राजस्थान में मंगलवार को भी हल्की बारिश हुई। इस कारण तापमान में गिरावट हुई और पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। ठिठुरन बढ़ने के साथ सुबह काफी देर तक कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने गुरूवार से फिर बारिश की संभावना जताई है। उधर पंजाब में अगले तीन दिन 27 दिसंबर तक शीतलहर चलने व घनी धुंध पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में हल्की वर्षा भी हो सकती है। पठानकोट में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button