कांग्रेस में बयानबाजी तेज: सिंहदेव बोले- दीपक बैज मुख्यमंत्री बनें, भाजपा ने कहा- अंदर खिचड़ी पक रही

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बीच चल रही बयानबाजी के बीच दोनों नेताओं की फोन पर बातचीत का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों नेता हालिया राजनीतिक बयानों पर चर्चा करते नजर आए। इस दौरान टीएस सिंहदेव ने हंसते हुए कहा कि दीपक बैज मेहनत करें और प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें।
फोन कॉल के वीडियो से बढ़ी सियासी चर्चा
सामने आए वीडियो में टीएस सिंहदेव कहते सुनाई दे रहे हैं कि मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दीपक बैज को मुख्यमंत्री बनने की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा कि राजनीति में काम करते रहना चाहिए और भविष्य में क्या होगा, यह कोई नहीं जानता।
वीडियो में दोनों नेताओं के बीच बातचीत का माहौल सहज दिखाई दिया, लेकिन कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे कांग्रेस के अंदरूनी मतभेद से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा ने साधा निशाना
कांग्रेस नेताओं के बयानों पर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया दी है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान अब सार्वजनिक हो चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के भीतर कुछ न कुछ “खिचड़ी” पक रही है।
नेताम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछली सरकार में टीएस सिंहदेव का केवल इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि सिंहदेव की सरकार बनाने में बड़ी भूमिका रही, लेकिन उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।
बयानबाजी की शुरुआत कैसे हुई
दरअसल, हाल ही में एक इंटरव्यू में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे इसके लिए तैयार हैं। इसके बाद दीपक बैज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेता को दिल्ली जाकर काम करना चाहिए और प्रदेश में युवाओं को अवसर मिलना चाहिए।
इस बयान पर पलटवार करते हुए सिंहदेव ने कहा था कि वे खुद को अब भी ऊर्जावान महसूस करते हैं और छत्तीसगढ़ में ही सक्रिय रहकर काम करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर नेता की पहली जिम्मेदारी अपने संगठन और क्षेत्र को मजबूत करना होती है।





