बिलासपुर:वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन भी खुला रजिस्ट्री कार्यालय, करोड़ों का राजस्व प्राप्त

बिलासपुर:वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए शासकीय अवकाश के बावजूद पंजीयन मुख्यालय सहित तहसीलों में स्थित उप पंजीयक कार्यालय खुले रहे। अंतिम दिन जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए भारी भीड़ उमड़ी और जिले में करीब 300 रजिस्ट्रियां संपन्न हुईं। अकेले बिलासपुर पंजीयन कार्यालय में लगभग पौने दो सौ रजिस्ट्री दर्ज की गई, जिससे कार्यालय को एक करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।
बिलासपुर की पुरानी कंपोजिट बिल्डिंग स्थित पंजीयन कार्यालय में शनिवार देर रात तक और रविवार को पूरे दिन रजिस्ट्री का कार्य जारी रहा। तीनों उप पंजीयक काउंटरों पर रजिस्ट्री कराने वालों की लंबी कतारें लगी रहीं। कार्यालय खुला रहने के कारण परिसर में स्थित स्टांप वेंडर, मुंशी, दस्तावेज लेखक और फोटो कॉपी दुकानों पर भी खासा असर देखने को मिला। टाउन हॉल की पार्किंग पूरी तरह से वाहनों से भर गई, वहीं पंजीयन कार्यालय के बगल की सड़क पर भी गाड़ियां खड़ी नजर आईं।
रजिस्ट्री कराने आए क्रेता-विक्रेता, गवाहों की भीड़ कार्यालय के भीतर और बाहर परिसर में जमा रही। बड़ी संख्या में लोग पंजीयन कार्यालय के वेटिंग हॉल में अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए शासन ने पूरे सप्ताह पंजीयन कार्यालय खुले रखने और रजिस्ट्री कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए थे। इससे न केवल लोगों को राहत मिली बल्कि पंजीयन विभाग को भी करोड़ों का राजस्व प्राप्त हुआ।





