धान खरीदी में रिकॉर्ड, किसानों से 20,753 करोड़ रुपए का उपार्जन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी अभियान तेज गति से जारी है। राज्य सरकार ने अब तक 16.95 लाख से अधिक किसानों से 93.12 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कर ली है। समर्थन मूल्य के तहत किसानों को कुल 20,753 करोड़ रुपए का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया गया है।

प्रदेश में 14 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश में संचालित की जा रही है। समय पर भुगतान और सुव्यवस्थित व्यवस्था से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है और किसानों का भरोसा बढ़ा है।

पूरे राज्य में 2,740 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जा रही है। खरीदी की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल निगरानी में संचालित हो रही है, जिससे पारदर्शिता बनी हुई है और फर्जीवाड़े या बिचौलियों की भूमिका पर रोक लगी है।

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन व्यवस्था को सरल बनाया गया है। सहकारी समितियों के माध्यम से टोकन जारी किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को उपार्जन केंद्रों पर अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ रहा।

खरीदी के आंकड़ों पर नजर डालें तो महासमुंद, बेमेतरा, बलौदाबाजार-भाठापारा, बालोद, रायपुर, धमतरी और राजनांदगांव सहित कई जिलों में तेजी से धान उपार्जन हुआ है। वहीं रायगढ़, कांकेर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सरगुजा, सूरजपुर और सक्ती जैसे जिलों में भी बड़ी मात्रा में खरीदी दर्ज की गई है।

सरकार का कहना है कि धान खरीदी अभियान को अंतिम किसान तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। आने वाले दिनों में खरीदी और भुगतान की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा, ताकि किसानों को समय पर उनकी उपज का पूरा मूल्य मिल सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button