कांग्रेस में सुलह : रविंद्र चौबे और दीपक बैज ने कहा– कलेक्टिव लीडरशिप में लड़ेगी पार्टी

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में चल रहे बयानबाजी के विवाद के बीच अब सुलह का माहौल नजर आ रहा है। पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से मुलाकात की। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने साफ कहा कि असहमतियां भुलाकर कांग्रेस को मजबूत करना ही सबका मकसद है और आगामी चुनाव कलेक्टिव लीडरशिप में लड़े जाएंगे।

मुलाकात के बाद रविंद्र चौबे ने कहा कि दीपक बैज कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और हमारा पूरा समर्थन उनके साथ है। भूपेश बघेल के जन्मदिन पर जो बातें मीडिया में आईं, वे भ्रामक थीं। असल में वैसी कोई बात नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि दीपक बैज बहुत ही परिपक्व अध्यक्ष हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी मजबूती से आगे बढ़ रही है।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी कहा कि पार्टी की बैठक में संगठन सृजन अभियान सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। बैठक में जो बातें हुईं, वे कांग्रेस परिवार के भीतर की बातें हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी कांग्रेस कलेक्टिव लीडरशिप में ही चुनावी लड़ाई लड़ेगी।

भाजपा द्वारा कांग्रेस दफ्तर को “चमचा भवन” कहकर पोस्टर जारी करने पर दीपक बैज ने पलटवार किया और कहा कि अगर ऐसा है तो भाजपा को अपने कार्यालय का नाम “नमक हराम भवन” रख लेना चाहिए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button