फेसबुक पर जान-पहचान के बाद शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में एक युवती से फेसबुक पर जान-पहचान बढ़ाने के बाद शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से मीनकेतन पाव (27 वर्ष), निवासी जूटमिल थाना क्षेत्र से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और मीनकेतन ने शादी का वादा कर उससे नजदीकियां बढ़ा लीं।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 6 अप्रैल को उसके गांव में एक बारात आई थी, जिसमें मीनकेतन भी शामिल था। उसने युवती से फोन पर संपर्क कर घर का पता लिया और सीधे उसके घर पहुंच गया। वहां उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इंकार कर दिया।

शिकायत मिलते ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई

युवती ने खुद को ठगा महसूस करते हुए अपने परिजनों के साथ पुसौर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अपराध क्रमांक 85/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर मीनकेतन पाव को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने मेडिकल जांच समेत सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस मामले में रायगढ़ पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक संध्या कोका, उनि कुंदन लाल गौर, एएसआई मनमोहन बैरागी, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना और अन्य स्टाफ की विशेष भूमिका रही।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button