बस स्टैंड पर गांजा बेचने पहुंचे राजस्थान के 2 तस्कर गिरफ्तार: रायपुर पुलिस ने 4 लाख का माल किया जब्त

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी भाठागांव बस स्टैंड इलाके में गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से 8.122 किलो गांजा बरामद किया।
बस स्टैंड के पास पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक टिकरापारा थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित शुलभ शौचालय के पास दो युवक संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं और मादक पदार्थ बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास अलग-अलग पैकेटों में कुल 8.122 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है।
राजस्थान के रहने वाले हैं आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिलशेर खान (39) और कसीम अली (27) निवासी टोंक, राजस्थान बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
टिकरापारा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा किस नेटवर्क के जरिए रायपुर लाया गया था और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
नशे के कारोबारियों पर लगातार नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई डीसीपी पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देश और एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। एसीपी टिकरापारा नवनीत पाटिल की निगरानी में पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है।
पुलिस का कहना है कि राजधानी में बाहरी राज्यों से आने वाले तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि नशे के नेटवर्क पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।





