रायपुर IPL मैच में दर्शकों से ओवरचार्जिंग का आरोप, सिविल सोसायटी ने कार्रवाई की उठाई मांग

रायपुर के नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित IPL मैच के दौरान दर्शकों से कथित तौर पर भारी ओवरचार्जिंग और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी (CSS) ने इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
संस्था के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने आरोप लगाया कि मैच के दौरान खाने-पीने की चीजों और जरूरी सामानों को कई गुना ज्यादा कीमत पर बेचा गया। उनका कहना है कि सुरक्षा कारणों से दर्शकों को बाहर से पानी और खाद्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर वेंडरों ने मनमानी वसूली की।
सिविल सोसायटी के मुताबिक भीषण गर्मी के बीच 20 रुपये की पानी की बोतल 100 रुपये में बेची गई। वहीं 20 रुपये का समोसा और 15 रुपये की कोल्ड ड्रिंक भी 100 रुपये तक में दर्शकों को दी गई। संस्था ने आरोप लगाया कि वेंडरों ने 500 से 1000 प्रतिशत तक ज्यादा कीमत वसूली।
संस्था ने यह भी दावा किया कि स्टेडियम के अंदर ज्यादातर लेनदेन नकद में हुए और ग्राहकों को कोई बिल या रसीद नहीं दी गई, जिससे GST चोरी की आशंका भी जताई गई है।
पत्र में अनुमान लगाया गया है कि मैच के दौरान करीब 60 हजार दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे और एक ही मुकाबले में 10 से 11 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसमें से 8 से 9 करोड़ रुपये तक की राशि कथित तौर पर अतिरिक्त वसूली के रूप में ली गई।

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने सरकार से पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने और आगामी IPL मुकाबलों में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए सख्त व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही कथित अतिरिक्त वसूली की राशि जुर्माने सहित वसूलकर मुख्यमंत्री सहायता कोष में जमा कराने की भी मांग उठाई गई है।





