रायपुर को मिली 54 नई डायल 112 गाड़ियां, अब और तेजी से पहुंचेगी पुलिस

रायपुर में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 54 नई डायल 112 गाड़ियों को सेवा में शामिल किया गया है। डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर इन गाड़ियों को रवाना किया।

इस मौके पर विजय शर्मा ने कहा कि अब डायल 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस पहले से ज्यादा तेजी से मौके पर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था में C-DAC की एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे कॉल आते ही लोकेशन तुरंत ट्रेस हो जाएगी और कमांड सेंटर से पूरी निगरानी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नई गाड़ियों में हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं और सभी वाहनों की लाइव मॉनिटरिंग होगी। आज से ही ये गाड़ियां लोगों की सेवा में तैनात कर दी गई हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री का आभार भी जताया।

डिप्टी सीएम ने बताया कि आने वाले समय में ड्रोन पेट्रोलिंग सिस्टम पर भी काम किया जाएगा। जरूरत के अनुसार अलग-अलग इलाकों में ड्रोन भेजे जाएंगे ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

वहीं, पीसीसी चीफ दीपक बैज के मोबाइल फोन 8 महीने बाद भी नहीं मिलने के सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि यदि शिकायत दर्ज है तो मामले को दिखवाया जाएगा।

डायल 112 के जवानों पर हमले की घटनाओं को लेकर उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।

केंद्रीय गृहमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के लोगों को लोकतंत्र और अपनी चुनी हुई सरकार पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button