रेलवे पार्किंग ठेकेदार पर चाकू से हमला, हिस्ट्रीशीटर आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर में शनिवार दोपहर रेलवे स्टेशन की पार्किंग में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गंज इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद हुसैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर रेलवे पार्किंग के ठेकेदार रवि आहूजा पर चाकू और बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला कर दिया।

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब मोहम्मद हुसैन पार्किंग में पहुंचा और ठेकेदार रवि आहूजा से पुरानी रंजिश के चलते बहस करने लगा। विवाद का कारण एक ठेले को हटवाने को लेकर था, जिसे लेकर पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी थी। बहस के दौरान हुसैन ने गाली-गलौच शुरू कर दी। जब रवि ने इसका विरोध किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया।

थोड़ी ही देर में हुसैन के अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने रवि पर हमला कर दिया। हमले में चाकू और बेसबॉल बैट का इस्तेमाल किया गया। इस हमले में रवि के जांघ और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी मोहम्मद हुसैन गंज क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button