दुर्ग गैंगरेप केस में PWD का टाइमकीपर गिरफ्तार, यूपी से पकड़ा गया आरोपी

दुर्ग जिले में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में फरार चल रहे लोक निर्माण विभाग (PWD) के टाइमकीपर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजू कश्यप उर्फ कृपा शंकर को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से पकड़ा गया है। गिरफ्तारी के बाद दुर्ग पुलिस की विशेष टीम उसे लेकर वापस लौट रही है।

आरोपी मूल रूप से गोरखपुर जिले का निवासी है और PWD में नौकरी लगने के बाद अपने परिवार के साथ दुर्ग में रह रहा था। घटना के बाद मामला दर्ज होने पर वह फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस से बचने के लिए आरोपी गोरखपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रहा था। इस दौरान वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा, ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सके।

आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की थीं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल टॉवर लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से उसकी लगातार निगरानी की जा रही थी। मोबाइल लोकेशन के स्पष्ट होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में मुख्य आरोपी बीएन पांडेय और संजय पंडित अब तक फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इससे पहले विजय स्वाइन, गोविंद ठाकुर और अनिल चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से न्यायिक रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button