NEET-UG पुनर्परीक्षा की तैयारियां तेज: छत्तीसगढ़ के 19 शहरों में 127 केंद्र, एयरफोर्स के जरिए पहुंचेंगे प्रश्नपत्र

छत्तीसगढ़ में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। प्रदेश के 19 शहरों में कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और केंद्र सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

127 परीक्षा केंद्रों पर रहेंगी कड़ी निगरानी

एनटीए के अनुसार राज्य के 19 शहरों में 127 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, तकनीकी व्यवस्थाएं और सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की व्यक्तिगत समीक्षा करने को कहा गया है। साथ ही 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस होने के कारण परीक्षा संचालन पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े, इसके लिए भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मॉक ड्रिल और छात्रों की काउंसलिंग की व्यवस्था

परीक्षा की अंतिम तैयारियों का आकलन करने के लिए 20 जून को राज्यभर में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयरफोर्स के माध्यम से संबंधित जिलों तक पहुंचाई जाएंगी। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जो परीक्षा दिवस पर लगातार निगरानी रखेंगे। वहीं छात्रों के तनाव को कम करने के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि परीक्षार्थी सकारात्मक वातावरण में परीक्षा दे सकें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button