प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों पर सख्ती, 9 व्यावसायिक परिसर सील; 14 पर कार्रवाई

रायपुर में प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने वाले बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जोन-10 क्षेत्र में चलाए गए अभियान के तहत 14 बकायेदारों पर कार्रवाई की गई, जिसमें 9 से अधिक व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया गया।

निगम आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने विभिन्न वार्डों में लंबे समय से टैक्स बकाया रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। यह कार्रवाई रानी दुर्गावती, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबू जगजीवन राम, रवींद्रनाथ टैगोर और लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित वार्ड क्षेत्रों में की गई।

निगम के अनुसार, बकायेदारों को पहले डिमांड बिल, नोटिस और अंतिम चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर सीलबंदी की कार्रवाई की गई। कई स्थानों पर टीम ने मौके पर ही दुकानों और परिसरों को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान कुछ बकायेदारों ने बकाया जमा करने के लिए समय मांगा। कुछ मामलों में 24 घंटे की मोहलत दी गई, जबकि बड़े बकायेदारों के परिसरों को तत्काल सील कर दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से समय पर टैक्स जमा करने की अपील की गई है, ताकि इस तरह की कार्रवाई से बचा जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button