कुरूद साईं मंदिर सड़क की खराब गुणवत्ता पर उठा सवाल, ठेकेदार को नोटिस, SDBC कार्य जल्द शुरू होगा

भिलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कुरूद साईं मंदिर क्षेत्र की सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विधानसभा में सवाल उठाया। उन्होंने बताया कि नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा कुरूद में ढांचा भवन से शासकीय प्राथमिक शाला और साईं मंदिर होते हुए 80 एलआईजी तक सड़क का डामरीकरण किया गया था, लेकिन यह कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं था।
विधायक रिकेश सेन ने कहा कि सड़क निर्माण में लापरवाही की शिकायतें लगातार मिल रही हैं और इस पर अब तक क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी सदन में दी जाए।
इस पर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने जवाब देते हुए कहा कि सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिली थी। जांच में यह बात सामने आई कि ठेकेदार का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं था। इसके बाद ठेकेदार को गुणवत्ता सुधार के लिए तीन नोटिस जारी किए गए।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नोटिस के बाद ठेकेदार द्वारा सड़क में सुधार कार्य कराया गया है। सुधार के बाद सड़क की गुणवत्ता की जांच शासकीय लोक निर्माण विभाग की केंद्रीय अनुसंधान प्रयोगशाला, दुर्ग द्वारा कराई गई, जिसमें सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप पाया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि सड़क में सेमी डेंस बिटुमिनस कंक्रीट (SDBC) की ऊपरी परत का कार्य बारिश के कारण रुका हुआ था, जिसे अब जल्द पूरा किया जाएगा। इस कार्य के बाद सड़क और अधिक मजबूत व टिकाऊ होगी।
विधायक रिकेश सेन ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि सड़क का शेष कार्य जल्द शुरू होगा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर पूरी निगरानी रखी जाएगी, ताकि लोगों को अच्छी और सुरक्षित सड़क मिल सके।





